न्यूज़ एक्सपर्ट—
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में 24 एवं 25 अक्टूबर तक दो दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ आज मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद ( उपकार) के महानिदेशक डॉक्टर संजय सिंह ने फीता काटकर किया। तत्पश्चात उन्होंने मेले में लगे सभी स्थलों का भ्रमण किया तथा स्टालों पर प्रदर्शित कृषि तकनीकियों का अवलोकन भी किया।उन्होंने दूरस्थ जनपदों से आए कृषकों को संबोधित किया। इसके पूर्व उन्होंने प्रदेश के प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया। डॉक्टर सिंह ने कहा कि सीएसए का हरित क्रांति में बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि किसान मेलों का किसानों की उन्नति में बड़ी भूमिका रहती है। ऐसे मेलों के आयोजन से किसान नई तकनीक से रूबरू होते हैं। किसान मेला कृषि का बड़ा कुंभ है। जो कि किसानों को उन्नतशील बनाने में मददगार साबित होता है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय द्वारा सरसों एवं अन्य फसलों की नई प्रजातियां विकसित की गई हैं।जो जलवायु अनुकूलन भी हैं उन्होंने मक्का व आलू की खेती पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने बताया कि देश की आर्थिकी में कृषि का बड़ा योगदान है।कुलपति डॉ सिंह ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के हिसाब से जलवायु अनुकूलन प्रजातियों को अपनाएं ।जिससे कृषकों की आय में वृद्धि हो सके हो। उन्होंने कृषि रसायनों के कम से कम प्रयोग पर बल दिया। जिससे कि कृषि उत्पादन की गुणवत्ता बरकरार बनी रहे। इस अवसर पर प्रसार निदेशालय द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को किट देकर पुरस्कृत भी किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत निदेशक प्रसार डॉक्टर आरके यादव द्वारा किया गया। जबकि धन्यवाद डॉ वी के कनौजिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अरविंद कुमार द्वारा किया गया। सायं को एक विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ सी एल मौर्य, डॉक्टर विजय कुमार यादव, डॉ पी के उपाध्याय, डॉ.मुक्ता गर्ग एवं कृषक समिति के अध्यक्ष श्री बाबू सिंह सहित सभी कृषि विज्ञान केंद्रों के अध्यक्ष/वैज्ञानिक तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए पांच हजार से अधिक किसान उपस्थित रहे।