न्यूज़ एक्सपर्ट—
कानपुर नगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती के अवसर पर दिनांक 2 अक्टूबर 2023 को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में गांधी पर्व/अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. आनंद कुमार सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस दौरान बापू जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम….. तथा मुझे तूने मालिक बहुत कुछ दिया है……….. एवं दे दी हमें आजादी बिना खडक बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल—- गाने गाकर सब को मंत्रमुग्ध कर दिया। तत्पश्चात कुलपति ने अपने सम्बोधन में कहा कि बापू ने अहिंसा के दम पर अंग्रेजों से देश को आजाद करा दिया था। इसलिए बापू आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि बापू ने बैरिस्टर की डिग्री प्राप्त कर बड़ा अफसर बनना उचित नहीं समझा। बल्कि अपना पूरा जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। इस दौरान डॉ सिंह ने बताया कि गांधीजी के आंदोलनों में दांडी यात्रा, भारत छोड़ो आंदोलन, असहयोग आंदोलन एवं विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार प्रमुख थे। गांधी जयंती के अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ पी के उपाध्याय ने बताया कि आज का दिन पूरा विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाता है। उन्होंने बताया कि गांधी जी ने स्वच्छ भारत का सपना देखा था इसलिए विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित छात्रावास के आस पास एवं मुख्य परिसर में अधिष्ठाता कृषि तथा संकाय सदस्य एवं कर्मचारियों द्वारा साफ सफाई का एक कार्यक्रम आयोजित किये गये। तत्पश्चात सभी को अहिंसा परमोधर्मा की शपथ कराई गई। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर छात्र छात्राओं द्वारा वाद विवाद, स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।इस दौरान विश्वविद्यालय के सभी निदेशक, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
