न्यूज़ एक्सपर्ट—
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में तीन दिवसीय 8 से 10 अक्टूबर के बीच अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह मेला पूरे 3 साल बाद आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले इस मेले का आयोजन 2019 में किया गया था। इस मेले में किसानों को उनकी आय बढ़ाने और अच्छी खेती करने के तरीके से रूबरू कराया जाएगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इतिहास में पहली बार विश्वविद्यालय के मेले में 100 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। इससे पहले तक 75 स्टॉल तक लग चुके हैं, लेकिन इस बार 100 स्टॉलों ने अपनी बुकिंग कर दी है। खास बात यह है कि भारतीय कृषि अनुसंधान से भी जो स्टॉल लगाए जाएंगे यह किसानों के लिए एक बेहतर मौका लेकर आएंगे। किसानों को उनकी भाषा में तकनीकी के बारे में बताएंगे। इस मेले में तीन दिन के अंदर लगभग 15000 से अधिक किसानों के आने की उम्मीद है। कुलपति डॉ. सिंह ने बताया कि पिछले 4 सालों की बात करें तो मक्का, तिलहन, दलहन, हरी सब्जियों की खेती में 60 से 70% की बढ़ोतरी हुई है। किसानों की आय बढ़ी है, धान, गेहूं की खेती करने वाले अब मशरूम, दलहन, तिलहन, मक्का आदि की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रशियन एंबेसी से कृषि काउंसलर भी इस मेले में शामिल होने आ रहे हैं। भारत में कृषि को बढ़ावा देने के लिए उनके साथ एक एमओयू होगा, ताकि मशीनीकरण पर कुछ काम कर सके। डॉ. सिंह ने कहा कि मिलेट्स के बीजों पर अब चार गुना की बढ़ोतरी हुई है। पहले किसान मिलेट्स की खेती के लिए इतना जागरुक नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे किसानों को भी अब इसकी अहमियत समझ में आने लगी है। किसान वापस अब मक्का, जौ, बाजरा जैसी खेती कर रहे हैं। इससे किसानों की आय में बड़ा अंतर पड़ा है। किसानों को यही बात समझनी है कि गेहूं और धान के अलावा भी बहुत सी खेतियां होती है, जिससे किसान की आय कई गुना बढ़ सकती है। हम अधिक बीज तैयार कर सके इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि हम खेती के साथ-साथ बीजों की खेती भी कर सकते हैं, क्योंकि फसल तैयार होने के बाद जितना धन प्राप्त होता है। उससे ज्यादा कहीं धन हम बीजों की खेती करके भी प्राप्त कर सकते है। कल किसान मेले का उद्घाटन दोपहर 12:00 बजे प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह करेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रसार निदेशक डॉ. आरके यादव, कुल सचिव डॉ. पीके उपाध्याय, डॉक्टर नौशाद खान एवं डॉक्टर राम बटुक सिंह सहित अन्यलोक उपस्थित रहे।