न्यूज़ एक्सपर्ट—
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने आज जरूरतमंदों को कंबल वितरित किये ।कानपुर सहित आसपास के जनपदों में कड़ाके की ठंड की वजह से आम जनजीवन प्रभावित है। कड़ाके की ठंड से आम लोगों को निजात दिलाने के लिए स्वयंसेवी संस्था प्रशांत फाउंडेशन इटावा के संस्थापक रुद्राक्ष मैन डॉक्टर रिपुदमन सिंह के सौजन्य से कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार को कृषि विश्वविद्यालय कानपुर में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आनंद कुमार सिंह द्वारा कंबल वितरण का कार्य किया गया।कुलपति ने कहा कि अपने आसपास जरूरतमंदों का ध्यान रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण एक पुनीत कार्य है। कुलपति ने कहा यह विश्वविद्यालय सामाजिक मूल्यों एवं समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर है।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की दैनिक श्रमिकों सहित अन्य जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंद कंबल पाकर काफी खुश नजर आए। वहीं स्वयंसेवी संस्था प्रशांत फाउंडेशन को कुलपति ने आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर संपत्ति अधिकारी डॉ अनिल कुमार सिंह, टीचिंग एसोसिएट डॉक्टर हेमंत कुमार, कुलपति के तकनीकी सचिव श्री ओम प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।